सेक्टर 23, चंडीगढ़ में निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन, सांसद सतनाम सिंह संधू और श्री संजय टंडन रहे विशेष अतिथि

Free medical checkup camp organised in Sector 23, Chandigarh; MP Satnam Singh Sandhu and Mr Sanjay Tandon were the special guests

चंडीगढ़, 11 अक्टूबर 2026: सेक्टर 23 स्थित गुरुद्वारा साहिब में आज निःशुल्क मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया गया। इस कैंप का आयोजन समाजसेविका मोनिका भंडुला, वार्ड नंबर 17, तथा गुरुद्वारा स्थापन कमेटी, सेक्टर 23, चंडीगढ़ के सहयोग से किया गया।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद श्री सतनाम सिंह संधू तथा श्री संजय टंडन विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति ने इस स्वास्थ्य जागरूकता पहल को विशेष महत्व प्रदान किया।

कैंप का उद्देश्य आम जनता को स्वास्थ्य जांच की सुविधाएं उपलब्ध करवाना तथा लोगों को समय पर बीमारी की पहचान और बचाव के प्रति जागरूक करना था। कैंप में आंखों, हृदय, शुगर, हड्डियों, त्वचा, दांतों एवं कैंसर संबंधी जांच सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाई गईं। इसके अतिरिक्त लिवर फंक्शन टेस्ट (LFT), थायराइड जांच, लिवर फाइब्रोस्कैन तथा DXA बोन स्कैन जैसी सुविधाएं भी प्रदान की गईं। टाटा मेमोरियल, न्यू चंडीगढ़ की टीम ने भी कैंप में भाग लिया।

कैंप में डॉ. अनुराग, त्वचा रोग विशेषज्ञ, डॉ. नितिका गुप्ता, MDS, प्रोस्थोडॉन्टिक्स विशेषज्ञ तथा डॉ. मनु गुप्ता, BDS सहित अन्य चिकित्सा विशेषज्ञों ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।

आयोजक मोनिका भंडुला ने कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविरों का मुख्य उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने सभी डॉक्टरों, मेडिकल टीमों, विशेष अतिथियों, गुरुद्वारा स्थापन कमेटी के सदस्यों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया।

कैंप के माध्यम से लोगों को निःशुल्क स्वास्थ्य जांच का लाभ उठाने और नियमित स्वास्थ्य परीक्षण करवाने के लिए प्रेरित किया गया। आयोजकों ने भविष्य में भी जनहित में ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

You might also like