115 देशों को भारत का एक्सपोर्ट बढ़ना है शुभ संकेत: आईसीसीआई

India's exports to 115 countries need to increase, auspicious sign: ICCI


ऩई दिल्ली. वैश्विक आर्थिक अनिश्चितताओं के बावजूद वित्त वर्ष 2023-24 में कुल 238 में से 115 देशों को भारत का निर्यात बढ़ा है. वाणिज्य मंत्रालय की तरफ से जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारत के इन 115 निर्यात गंतव्यों की कुल निर्यात में हिस्सेदारी 46.5 फीसदी है. इन देशों में अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), नीदरलैंड, चीन, ब्रिटेन, सऊदी अरब, सिंगापुर, बांग्लादेश, जर्मनी और इटली शामिल हैं. पिछले वित्त वर्ष में देश का वस्तु निर्यात तीन फीसदी घटकर 437.1 अरब डॉलर रह गया. हालांकि, सेवा निर्यात बढ़कर 341.1 अरब डॉलर हो गया, जबकि 2022-23 में यह 325.3 अरब डॉलर था. इस पर इंटीग्रेटेड चैम्बर्स ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (आईसीसीआई) के वाईस प्रेजिडेंट डॉ. संदीप पचपांडे कहते है कि आंकड़ों से पता चला कि लगातार वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देश का कुल निर्यात (वस्तुओं और सेवाओं को मिलाकर) 2022-23 में उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था. पिछले वित्त वर्ष (2023-24) में देश का कुल निर्यात 778.2 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जबकि 2022-23 में यह 776.4 अरब डॉलर रहा था। इस तरह निर्यात में 0.23 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्ज की गई. भारत के वस्तु निर्यात की हिस्सेदारी भी 2014 के 1.70 फीसदी से बढ़कर 2023 में 1.82 फीसदी हो गई है। आपको बता दें इस दौरान विश्व माल निर्यातकों में भारत 19वें स्थान से 17वें स्थान पर आ गया है. इसके अलावा, 2023-24 में शीर्ष 10 गंतव्यों में भारत के निर्यात में सालाना आधार पर 13 फीसदी की वृद्धि देखी गई. भारत के निर्यात में यूएई 35.6 अरब डॉलर के निर्यात मूल्य के साथ प्राथमिक गंतव्य के रूप में उभरा है. इसी तरह सिंगापुर को निर्यात 20.19 फीसदी बढ़कर 14.4 अरब डॉलर, ब्रिटेन को निर्यात 13.30 फीसदी बढ़कर 13 अरब डॉलर और चीन को निर्यात 8.70 फीसदी बढ़कर 16.7 अरब डॉलर हो गया. आंकड़ों से पता चला है कि रूस (35.41 फीसदी), रोमानिया (138.84 फीसदी), और अल्बानिया (234.97 फीसदी) जैसे देशों को निर्यात में उच्च वृद्धि दर्ज की गई है.

You might also like