यूजीसी के नये करिकुलम फ्रेमवर्क से छात्रों का बचेगा समय: सीईजीआर
UGC's new curriculum framework will save students' time: CEGAR

नई दिल्ली. हायर एजुकेशन की पढाई कर रहें स्टूडेंट्स के लिए अच्छी खबर है. पोस्ट ग्रेजुएशन यानी मास्टर डिग्री की पढ़ाई का पूरा पैटर्न बदला जा रहा है. यूजीसी ने इसके लिए नया करिकुलम फ्रेमवर्क तैयार किया है. इसमें स्टूडेंट्स के लिए कई बड़ी सुविधाएं दी गई हैं. अगर आपने ग्रेजुएशन में चार साल का ऑनर्स या रिसर्च के साथ ऑनर्स प्रोग्राम किया है तो अपनी पीजी के पढ़ाई एक साल में खत्म कर सकते हैं. यही नहीं, , पढ़ाई के बीच कॉलेज बदलना, ग्रेजुएशन से हटकर विषय चुनना आदि सुविधाएं भी हैं. यूजीसी के नये फ्रेमवर्क पर सेंटर फॉर एजुकेशन ग्रोथ एंड रिसर्च (सीईजीआर) के डायरेक्टर रविश रोशन कहते है कि इससे स्टूडेंट्स का साफ तौर पर समय बचेगा. स्टूडेंट्स के पास बीच में कभी भी पढ़ाई छोड़ने और शुरू करने का विकल्प होगा. यह फ्रेमवर्क नई शिक्षा नीति 2020 (एनईपी) को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. अच्छी खबर यह है कि आप चाहें तो किसी भी विषय में पीजी कर सकते हैं।
डायरेक्टर, सीईजीआर कहते हैं कि अगर आपने तीन साल का ग्रेजुएशन कोर्स किया है तो आप दो साल का पीजी प्रोग्राम चुन सकते हैं, जिसमें दूसरे साल आप रिसर्च पर पूरा ध्यान दे सकते हैं. अगर आपने चार साल का ऑनर्स या रिसर्च के साथ ऑनर्स प्रोग्राम किया है तो आपके लिए एक साल का पीजी प्रोग्राम भी होगा. नए करिकुलम में आपको अपनी पसंद के कोर्स चुनने की आजादी होगी. अगर आप एंट्रेंस क्रैक कर लें, तो ग्रेजुएशन के सब्जेक्ट से हटकर, कोई और विषय भी चुन सकते हैं. इसमें ऑफलाइन, ऑनलाइन, या दोनों तरीकों से पढ़ाई करने का विकल्प भी होगा. नए फ्रेमवर्क के तहत चार साल का बीई-बीटेक वालें छात्रों को पोस्ट ग्रेजुएशन दो साल के लिए ही करनी होगी. वहीं, अन्य कोर्सेस के छात्र अब अपनी पोस्ट ग्रेजुएशन की पढ़ाई एक साल में पूरी कर सकते हैं. पीजी फ्रेमवर्क को नेशनल क्रेडिट फ्रेमवर्क (NCF) के साथ जोड़ा जाएगा. छात्रों की पढ़ाई, असाइनमेंट, क्रेडिट जमा करने, ट्रांसफर करने और उनका इस्तेमाल करने का पूरा हिसाब-किताब होगा. अगर आप चाहें तो एक विषय से दूसरे विषय में जा सकते हैं. ग्रेजुएशन में मेजर और माइनर विषय लेने वाले छात्र पीजी में किसी एक को चुन सकते हैं. UGC के नियमों के मुताबिक, आप अलग-अलग यूनिवर्सिटीज में भी पढ़ाई कर सकेंगे.
