वोट बचाओ – देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यालय कोटद्वार में प्रेस वार्ता
Press conference at Congress office Kotdwar under Vote Bachao - Desh Bachao Abhiyan

कुलदीप कुमार कोटद्वार। जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी कार्यालय कोटद्वार में आज वोट बचाओ – देश बचाओ अभियान के तहत ईएसएससी के नवनियुक्त कोऑर्डिनेटर श्री राजेश कुमार गर्ग जी ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए श्री राजेश कुमार गर्ग ने कहा कि भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि देशभर में मतदाता सूची में लगातार गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। आम नागरिकों के मताधिकार को प्रभावित करने वाली ऐसी गतिविधियां लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं। उन्होंने कहा कि वोट काटने, मतदाताओं के नाम सूची से हटने और मतदाता सूची में अनियमितताओं के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाकर जागरूकता अभियान चलाएगी। प्रत्येक नागरिक का वोट सुरक्षित रहना चाहिए और किसी भी पात्र मतदाता को उसके संवैधानिक अधिकार से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी कोटद्वार के जिलाध्यक्ष विकास नेगी ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत आम नागरिक का वोट है। मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या पात्र मतदाताओं के नाम हटाए जाने की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। कांग्रेस पार्टी वोट बचाओ – देश बचाओ अभियान के माध्यम से जनता के बीच जाकर मतदाता अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाएगी। उन्होंने कहा कि संगठन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता इस अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे तथा यह सुनिश्चित करने का प्रयास करेंगे कि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
प्रेस वार्ता में महानगर अध्यक्ष मीना बछवाण, महानगर प्रभारी अनिल द्विवेदी, विधानसभा प्रभारी सुमिंदर बोरा, जिला एवं पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष परवीन रावत, पूर्व जिला अध्यक्ष चंद्रमोहन खरकवाल, वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय नारायण ठाकुर सहित जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
जिला एवं महानगर कांग्रेस कमेटी, कोटद्वार
