एकल अभियान तेजपुर (शोणितपुर) अंचल की खेल-कूद स्पर्द्धा सम्पन्न 

Ekta Abhiyan Tezpur (Sonitpur) Zone sports competition concluded

समग्र भारतवर्ष के ग्रामीण एवं वनवासी क्षेत्रों में एकल अभियान पिछले 35 वर्षो से समाज एवं राष्ट्र के उत्थान हेतु पंचमुखी शिक्षा के अंतर्गत कई सेवा कार्य करता आ रहा है। संस्कारयुक्त शिक्षा के साथ-साथ वर्तमान में युवा पीढ़ी को ध्यान में रखते हुए विगत 3 वर्षों से ग्राम से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक खेल-कूद समारोह पूरे देश भर में चलाया जा रहा है। इसमें एथलेटिक्स, कबड्डी, योगा और कुश्ती आदि स्पर्धा शामिल है। इसी श्रृंखला में शोणितपुर व विश्वनाथ का जिला स्तरीय खेल-कूद समारोह चारदोवार मैदान में सफलतापूर्वक संपन्न किया गया। एकल अभियान के अंतर्गत अभ्युदय यूथ क्लब के जिला स्तरीय इस खेल कूद समारोह में 12 संच (ब्लॉग) से कुल 380 खिलाड़ियों ने भाग लिया। समारोह में अतिथि के रूप में मानसरोवर तिब्बत फ्रीडम एशोसियेशन इण्डिया के नेशनल सचिव मौचुमी दास, एकल अभियान पूर्वोत्तर प्रभाग के संगठन मंत्री रमेश लिम्बू, तेजपुर अंचल अध्यक्ष दीपांकर पाल, उपाध्यक्ष परेश शर्मा, सचिव विश्वजीत बसुमतारी और कई संचों से कई समिति पदाधिकारी उपस्थित रहे।
संगठन मंत्री रमेश लिम्बू ने अपने उद्बोधन में कहा कि “खेलेगा भारत, खिलेगा भारत” इस उदगार को चरितार्थ करते हुए नई पीढ़ी के शरीर-मन-बुद्धि का विकास, उनमें अंतर्निहित प्रतिभाओं को विकसित व प्रदर्शित करने हेतु एक सुन्दर मंच का प्रदान करना ही इस खेल-कूद समारोह का उद्देश्य है। एकल के हर खिलाड़ी न केवल खुद को विकसित करने के लिए खेलेगा बल्कि समाज तथा देश का निर्माण के लिए भी खेलेगा और हर प्रकार के व्यसन से रहित होगा। मौचुमी दास ने आगामी दिनो होने वाले प्रांतीय तथा राष्ट्रीय खेल-कूद में अच्छा प्रदर्शन के लिए खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी। अंचल अभियान प्रमुख फिरोज दले द्वारा संचालित समारोह में विजयी खिलाड़ियो को प्रशस्ति-पत्र, ट्रॉफी, मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। खेल-कूद प्रतियोगिता कुष्मा लोहार, मंजीत नायक और उनकी टोली ने संभाला। यह जानकारी तेजपुर अंचल के अभियान प्रमुख फिरोज दले ने दी है।
You might also like