डिब्रूगढ़ की सांस्कृतिक तथा सामाजिक संस्था ” दीपक संघ ” द्वारा दूसरी बार घाट पर छठ पूजा का आयोजन ..

Dibrugarh's cultural and social organization "Deepak Sangh" organized Chhath Puja at the Ghat for the second time.

डिब्रूगढ़ की सांस्कृतिक तथा सामाजिक संस्था ” दीपक संघ ” द्वारा दूसरी बार ब्रह्मपुत्र के घाट पर आस्था के महापर्व छठ पूजा का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया | संस्था द्वारा ग्राहम बाजार छठ पूजा समिति के नाम से शहर के कचहरी घाट तथा तिनकोनिया घाट के मध्य पड़ने वाले घाट पर छठ व्रतधारियों हेतु पूजा अर्चना करने की उचित व्यवस्था की गयी, जिसका लाभ ग्राहम बाजार तथा इसके आस पास के अंचलों से आये लगभग 120 छठ व्रतधारियों ने उठाया | संस्था की ओर से सूर्य भगवान की पूजा अर्चना हेतु मूर्ति , आकर्षक विद्युत सज्जा, व्रती महिलाओं हेतु स्नानागार, नदी में सुरक्षा व्यवस्था तथा  घाट किनारे बने अस्थाई कार्यालय में भगवान भास्कर को अर्ध्य हेतु शुद्ध दूध की व्यवस्था भी की गयी थी, जिसका लाभ भी काफी श्रद्धालु भक्तों को मिला | मालूम हो इस बार शहर के तिनकोनिया घाट, म्युनिसिपल घाट, पांचआली घाट, माइजान, पल्टन बाजार आदि घाटों में भी छठ पूजा का आयोजन किया गया था | विगत कुछ वर्षों से नदी के बहते पानी में उतरकर पूजा करने का मौका कई व्रतियों तथा श्रद्धालुओं को नही मिला था | इस वर्ष पूजा करने हेतु शहर के घाटों पर पर्याप्त जगह नही होने के कारण काफी श्रद्धालु भक्तों ने अपने अपने घरों के बाहर ही कृत्रिम पोखर बना कर पूजा अर्चना की | नदी घाटों पर काफी भीड़ देखी गयी | कचहरी घाट छठ पूजा पर जहां हजारों की संख्या में लोग उपस्थित होते थे, इस वर्ष भी सुना रहा | ” दीपक संघ ” द्वारा छठ पूजा घाट में पधारें सभी अतिथियों सहित समिति के सभी सक्रिय सदस्यों, सहयोगकर्ताओं का फुलाम गमछे से अभिनंदन भी किया गया | सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत घाट पर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय गायकों क्रमशः मनोज कहार, सुश्री प्रीति चौधरी , मुकेश शर्मा तथा संदीप अग्रवाल ने अपने भजनों / गीतों से सभी का मन मोह लिया | साथ ही आयोजकों द्वारा भोजपुरी जगत की लोकगायिका स्व. शारदा सिन्हा को भी श्रद्धांजलि दी गई | आयोजकों द्वारा सभी व्रतधारियों हेतु चाय तथा सभी भक्तों हेतु  ठेकुआ प्रसाद की भी व्यवस्था की गयी थी | ज्ञात हो कि ” दीपक संघ ” नामक इस सांस्कृतिक तथा सामाजिक संस्था द्वारा शहर के ग्राहम बाजार जैन मंदिर के पास पिछले लगभग 50 सालों से भी अधिक समय से बसंत पंचमी पर विद्या की देवी माता सरस्वती की भव्य रूप से पूजा अर्चना की जा रही है | इस छठ व्रत महोत्सव के सफल आयोजन में सभी की सहभागिता हेतु  संस्था की ओर से संस्था के सदस्य संजय कानू ने सबके प्रति आभार व्यक्त करते हुए सभी से भविष्य में पुनः सहयोग की कामना की |

You might also like