प्रधानमंत्री मोदी समेत कई नेताओं ने एस एम कृष्णा के निधन पर शोक जताया
Many leaders including Prime Minister Modi condoled the death of SM Krishna

नई दिल्ली/बेंगलुरु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा विभिन्न नेताओं ने मंगलवार को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा के निधन पर शोक जताया।कृष्णा का मंगलवार को तड़के बेंगलुरु में उनके आवास पर निधन हो गया। परिवार के एक सूत्र ने बताया कि 92 वर्षीय वरिष्ठ राजनेता लंबे समय से बीमार थे।प्रधानमंत्री मोदी ने कृष्णा के निधन पर शोक व्यक्त किया और कहा कि वह एक असाधारण नेता थे, जिनका सभी क्षेत्रों के लोग सम्मान करते थे।मोदी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘श्री एस एम कृष्णा जी एक असाधारण नेता थे, जिनकी प्रशंसा सभी क्षेत्रों के लोग करते थे। उन्होंने हमेशा दूसरों के जीवन को बेहतर बनाने के लिए अथक प्रयास किया।’’कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री कृष्णा के निधन पर दुख जताया और राज्य एवं बेंगलुरु के विकास में उनके योगदान को याद किया।खरगे ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री एस एम कृष्णा के निधन से अत्यंत दुख हुआ। विकास के सच्चे पैरोकार रहे कृष्णा ने राज्य और राष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। यह मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति है, क्योंकि हमने राज्य स्तर पर और राष्ट्रीय स्तर पर सहयोगियों के रूप में काम किया।’’ राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘श्री एस.एम. कृष्णा के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। उनके दशकों के काम ने कर्नाटक के विकास और बेंगलुरु को प्रौद्योगिकी के एक केंद्र के रूप में बदलने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और प्रियजन के साथ हैं।’’कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कृष्णा के निधन पर दुख जताया और उनके साथ अपनी पुरानी यादों को साझा किया।उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस.एम. कृष्णा के साथ मेरे लंबे जुड़ाव की कई यादें हैं। मुख्यमंत्री के रूप में उनका कार्यकाल बहुत प्रभावशाली था और उन्होंने राज्य में आईटी, बायोटेक और अन्य उद्योगों के विकास में बहुत योगदान दिया। मार्च 2000 का उनका बजट भाषण कई मायनों में खास था।’’विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि कर्नाटक के विकास में एवं विदेश मंत्री के रूप में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।जयशंकर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘पूर्व विदेश मंत्री एस एम कृष्णा के निधन से बहुत दुखी हूं।’’कृष्णा के साथ अपनी एक तस्वीर साझा करते हुए जयशंकर ने विदेश मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान उनके साथ हुई कई मुलाकातों को याद किया।केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कृष्णा के निधन पर शोक जताया और कहा कि उन्होंने सार्वजनिक सेवा की समृद्ध विरासत छोड़ी है।सीतारमण ने कृष्णा के परिवार और प्रियजनों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं।पूर्व प्रधानमंत्री और जद (एस) संरक्षक एच.डी. देवेगौड़ा ने कृष्णा के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें अपना मित्र और कर्नाटक में लंबे समय का सहयोगी बताया।कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने कृष्णा के निधन पर दुख जताया। उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कर्नाटक और देश के विकास में कृष्णा का योगदान अविस्मरणीय है।’’कृष्णा के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘केंद्रीय मंत्री, मुख्यमंत्री और नेता के रूप में उनके अद्वितीय योगदान ने एक अमिट छाप छोड़ी है। कर्नाटक हमेशा उनका ऋणी रहेगा, खासकर मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी क्षेत्र में बदलाव लाने में उनके दूरदर्शी नेतृत्व के लिए।’’महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी कृष्णा के निधन पर दुख व्यक्त किया और उन्हें एक दूरदर्शी नेता बताया जो विकास के लिए प्रतिबद्ध थे।आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने कृष्णा के निधन पर शोक व्यक्त किया। नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एस एम कृष्णा के निधन के बारे में सुनकर मुझे गहरा दुख हुआ है। हमारी दोस्ती, हमारे संबंधित राज्यों में निवेश आकर्षित करने की प्रतिस्पर्धात्मक भावना से परे थी।’’
