डिब्रूगढ़ के श्री श्री जगन्नाथ मंदिर ने धूमधाम से मनाया दसवां प्रतिष्ठा दिवस
Sri Sri Jagannath Temple of Dibrugarh celebrated the tenth Pratishtha Day with great pomp


ऊपरी असम के डिब्रूगढ़ जिले में ” श्रीक्षेत्र ” के नाम से विख्यात श्री श्री जगन्नाथ मंदिर ने अपनी स्थापना के दस वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में हाल ही में एक भव्य समारोह का आयोजन किया। ज्ञात हो कि इस मंदिर का निर्माण वर्ष 2014 में डिब्रूगढ़ बाईपास के किनारे पांच बिघा भूमि पर किया गया था। असम के तत्कालीन राज्यपाल स्वर्गीय जानकी बल्लभ पटनायक जी की परिकल्पना और मार्गदर्शन में निर्मित यह मंदिर अब डिब्रूगढ़ का एक प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र बन चुका है। दसवें प्रतिष्ठा दिवस के अवसर पर मंदिर ट्रस्ट द्वारा पूजा-अर्चना, यज्ञ, और भोग प्रसादम के साथ-साथ विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य पूजा-अर्चना से हुई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया। ट्रस्ट द्वारा आयोजित अंतर-विद्यालय नृत्य प्रतियोगिता भी मुख्य आकर्षण रही, जिसमें केंद्रीय विद्यालय ने प्रथम पुरस्कार और श्री अग्रसेन एकेडमी ने द्वितीय पुरस्कार प्राप्त किया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में तेजपुर विश्वविद्यालय के छात्रों द्वारा प्रस्तुत ओडिसी नृत्य ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके अतिरिक्त, ओडिशा के प्रसिद्ध गायक श्री श्रीकर प्रसाद पाढ़ी ने अपनी सुरीली आवाज में भक्ति गीत प्रस्तुत किए।
शाम को आयोजित औपचारिक बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में भारत के सर्वोच्च न्यायालय के पूर्व मुख्य न्यायाधीश श्री रंजन गोगोई उपस्थित थे। उनके साथ असम के कैबिनेट मंत्री श्री प्रशांत फुकन और डिब्रूगढ़ नगर निगम के मेयर डॉ. सैकत पात्रा ने विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस अवसर पर मंदिर के निर्माण और विकास में योगदान देने वाले प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। वक्ताओं ने मंदिर के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के साथ-साथ इसके पर्यटन को बढ़ावा देने में योगदान की सराहना की। मंदिर ट्रस्ट के सचिव श्री विजय खेमानी ने ट्रस्ट की आगामी योजनाओं और दृष्टिकोण को साझा किया। उन्होंने बताया कि मंदिर को और अधिक भव्य और सुविधायुक्त बनाने के लिए ट्रस्ट कई पहल कर रहा है। ट्रस्टी श्री राजन लोहिया ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत करते हुए सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने स्वर्गीय जानकी बल्लभ पटनायक और स्वर्गीय शिव बगड़िया के अतुलनीय योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
असम के कैबिनेट मंत्री श्री प्रशांत फुकन ने मंदिर के विकास के लिए हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का समापन ट्रस्टी और असम के पूर्व मंत्री एवं विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री पृथ्वी माझी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
भगवान जगन्नाथ मंदिर, डिब्रूगढ़, न केवल एक धार्मिक स्थल है, बल्कि क्षेत्र के सामाजिक और सांस्कृतिक ताने-बाने को भी सुदृढ़ कर रहा है। इस ऐतिहासिक समारोह ने इस मंदिर की लोकप्रियता और धार्मिक महत्व को और अधिक ऊंचाई प्रदान की। यह जानकारी श्री श्री जगन्नाथ मंदिर ट्रस्ट
डिब्रूगढ़, असम द्वारा प्राप्त हुई है |
