एचएएल व आईआईआईटी धारवाड़ ने कौशल विकास के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए
HAL and IIIT Dharwad sign MoU for skill development

बेंगलुरू, एयरो इंडिया 2025 कार्यक्रम के अंतिम दिन, हिन्दुस्तान एयरोनॉटिक्स लिमिटेड (एचएएल) ने घोषणा की है कि एचएएल प्रबंधन अकादमी और धारवाड़ स्थित भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान ने उन्नत प्रौद्योगिकियों में उद्योग एवं अकादमिक सहयोग को मजबूत करने के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं। एक बयान में इसकी जानकारी दी गयी है।एचएएल की ओर से शुक्रवार को जारी बयान में कहा गया है कि इस साझेदारी से कृत्रिम मेधा, डेटा विज्ञान, ‘रोबोटिक्स’, ‘एआर/वीआर’ और डिजिटल निर्माण जैसे क्षेत्रों में संयुक्त अनुसंधान, इंटर्नशिप और तकनीकी शिक्षा पर ध्यान केंद्रित होगा।इसमें कहा गया है कि इस समझौता ज्ञापन के तहत, एचएएल अधिकारियों को आईआईआईटी धारवाड़ में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर मिलेंगे, जबकि छात्र एचएएल के विभिन्न प्रभागों में इंटर्नशिप के माध्यम से व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे।बयान में कहा गया है कि सहयोग में संयुक्त कार्यशालाएं, तकनीकी पेपर प्रकाशन और संकाय विनिमय कार्यक्रम भी शामिल हैं।एचएएल के मुख्य प्रबंध निदेशक डीके सुनील एवं कार्यकारी निदेशक (मानव संसाधन) एम जी बालासुब्रमण्य की उपस्थिति में समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए।
