चमोली ग्लेशियर हादसा: अमित शाह ने पुष्कर धामी को दिया हरसंभव मदद का भरोसा

Chamoli glacier accident: Amit Shah assured Pushkar Dhami of all possible help

 

नई दिल्ली, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की। उन्होंने हिमस्खलन में फंसे लोगों की स्थिति की जानकारी ली और केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि राहत और बचाव कार्य के लिए एनडीआरएफ की अतिरिक्त टीमें घटनास्थल पर भेजी गई हैं। आईटीबीपी के जवान भी राहत अभियान में जुटे हैं। अमित शाह ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, उत्तराखंड के चमोली में ग्लेशियर फटने की घटना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर धामी, आईटीबीपी और एनडीआरएफ के महानिदेशकों से बात की। हमारी प्राथमिकता फंसे हुए लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। उन्होंने बताया कि स्थानीय प्रशासन पूरी तत्परता से बचाव कार्यों में लगा है। एनडीआरएफ की दो अतिरिक्त टीमें जल्द ही मौके पर पहुंच रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक, हिमस्खलन से सड़क किनारे बनी झोपड़ियों में मौजूद 57 मजदूर बर्फ के नीचे दब गए थे। राहत दल ने इनमें से 16 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जबकि बाकी 41 मजदूरों को निकालने का अभियान जारी है। यह हादसा बदरीनाथ से करीब तीन किलोमीटर दूर माणा गांव के पास हुआ, जो भारत-तिब्बत सीमा पर स्थित अंतिम गांव है और 3,200 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। यहां लगातार राहत कार्य जारी है।

 

 

 

You might also like