मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है हरियाणा सुपर 100 : विश्राम कुमार मीणा
Haryana Super 100 is an ambitious project of Chief Minister Naib Singh Saini: Vishwas Kumar Meena
जीईई एडवांस्ड में सुपर 100 संस्थान के 90 बच्चों के चयन चयन पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बधाई व शुभकामनाएं

कुरुक्षेत्र, 1 जून। उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि जेईई एडवांस्ड में हरियाणा सुपर 100 संस्थान के 90 बच्चों का चयन होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बधाई व शुभकामनाएं दी है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हरियाणा सुपर 100 महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट है। इस संस्थान की मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी स्वयं समीक्षा करते हैं। हरियाणा सुपर 100 पूरा रेजिडेंशियल प्रोग्राम है। इस कार्यक्रम का पूरा खर्च हरियाणा सरकार और विकल्प संस्थान मिलकर करते हैं। बच्चों के परिजनों को अपनी तरफ से कोई खर्च नहीं करना होता। उन्होंने उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों, संस्थान के स्टाफ और परिजनों को शुभकामनाएं व बधाई दी।
उपयुक्त विश्राम कुमार मीणा सोमवार को हरियाणा सुपर हंड्रेड संस्थान बरना में आयोजित परितोष कार्यक्रम में बोल रहे थे। जेईई एडवांस्ड में चयनित विद्यार्थियों और उनके बच्चों को सम्मानित किया गया। इससे पूर्व उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा, जिला शिक्षा अधिकारी इंदू कौशिक, हरियाणा सुपर 100 संस्थान के निदेशक नवीन मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने कहा कि आज बहुत ही खुशी का दिन है हरियाणा सुपर 100 संस्थान में सरकार और विकल्प संस्थान के सहयोग से निशुल्क तैयारी करने वाले 90 बच्चों ने जेईई एडवांस्ड की परीक्षा को पास किया है। इससे पहले मैथ की परीक्षा में 313 में से 235 बच्चे पास हुए थे, आज उन 235 बच्चों में से 90 ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने कहा कि हरियाणा सुपर 100 संस्थान से अब तक करीब 200 बच्चे आईआईटी और 60 बच्चे एमबीबीएस कर रहे हैं।
उपायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि 90 बच्चों में से हिसार के 16, फतेहाबाद के 9, फरीदाबाद के 8, जींद के 8, कैथल के 6, गुरुग्राम से 6, महेंद्रगढ़ के 4, रेवाड़ी के 6, भिवानी के चार, कुरुक्षेत्र के चार, पलवल से 4, चरखी दादरी से दो झज्जर से दो, सोनीपत से दो, अंबाला से एक, करनाल से एक, मेवात से दो, पंचकूला से दो, सिरसा से दो, यमुनानगर से एक बच्चे ने क्वालीफाई किया। इनमें से जनरल कैटेगिरी के 24, ओबीसी केटेगिरी के 29, एससी केटेगिरी से 37, महिला कैटेगरी से 35 बच्चे शामिल है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के बेहतर भविष्य के लिए सरकार ने सुपर 100 योजना चलाई हुई है। इस संस्थान में सरकारी स्कूलों के 10वीं पास मेधावी छात्रों को जेईई और एनईईटी की मुफ्त कोचिंग प्रदान की जा रही है। इसमें 10वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक और प्रवेश परीक्षा लेवल-1 और लेवल-2 उत्तीर्ण करने के बाद ही सुपर-100 के लिए बच्चों का चयन होता है। चयनित विद्यार्थियों को हरियाणा सुपर 100 संस्थान बारना में मुफ्त कोचिंग, आवास और भोजन की सुविधा दी जाती है।
