चुनाव आयोग के निर्देशों और कानूनी दायरे में रहकर चुनावों को करवाना है संपन्न: सारवान
Elections have to be conducted within the instructions of the Election Commission and within the legal framework: Sarwan
थानेसर विधानसभा में सबसे ज्यादा 2 लाख 16 हजार 937 मतदाता, लाडवा विधानसभा में सबसे ज्यादा बने 217 पोलिंग बूथ, कुरुक्षेत्र जिले में 2244 सर्विस मतदाता, 85 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग और पीडब्ल्यूडी मतदाताओं के लिए भी होगी विशेष सुविधा, 100 फीसदी बूथों की होगी वेब कास्टिंग, उपायुक्त ने आरओ और एआरओ को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

कुरुक्षेत्र 27 अगस्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि भारत चुनाव आयोग के निर्देशों और कानूनी दायरे में रहकर विधानसभा चुनावों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाना है। इन चुनावों को लेकर सभी रिटर्निंग अधिकारियों और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों को सजग होकर चुनावों की हर गतिविधि पर नजर रखनी होगी और नामांकन दाखिल होने से लेकर मतगणना तक सभी को मेहनत और ईमानदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करना होगा।
उपायुक्त सुशील सारवान मंगलवार को देर सायं लघु सचिवालय के सभागार में विधानसभा चुनावों को लेकर अधिकारियों की एक बैठक को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक ने पॉवर प्रेजेंटेशन के जरिए विधानसभा चुनावों को लेकर तमाम जानकारियां दी और सी-विजिल एप के साथ-साथ अन्य वेब एप्लीकेशन के बारे में बताया। उपायुक्त ने कहा चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित विधानसभा शेड्यूल के अनुसार सभी रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी अपनी तैयारियां पूरी करेंगे। इन तैयारियों में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं रहनी चाहिए। अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई गई तो संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि नामांकन के लिए चुनाव आयोग द्वारा सामान्य प्रत्याशी के लिए 10 हजार रुपए और अनुसूचित जाति के लिए 5 हजार की फीस निर्धारित की है। यह फीस नगद या ट्रेजरी चालान के जरिए भरी जाएगी। इस फीस के लिए चेक और डिमांड ड्राफ्ट स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी प्रत्याशियों को फार्म नंबर 26 शपथ पत्र के रुप में पूर्णत: भरकर देना है अगर कोई फार्म खाली रह जाता है तो नामांकन को रद्द भी किया जा सकता है। इस मौके पर एडीसी सोनू भट्ट, जिला परिषद सीईओ अशोक कुमार मुंजाल, एसडीएम कपिल शर्मा, एसडीएम अमन कुमार, एसडीएम नसीब कुमार, चुनाव तहसीलदार सरला कौशिक, मीनू, राजू, सरबजीत, सुनील मराठा आदि उपस्थित थे।
थानेसर विधानसभा में सबसे ज्यादा 2 लाख 16 हजार 937 मतदाता
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि 27 अगस्त 2024 को अंतिम मतदाता सूची के अनुसार कुरुक्षेत्र जिले की चारों विधानसभाओं में कुल 7 लाख 70 हजार 356 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इसमें 3 लाख 99 हजार 184 पुरुष और 3 लाख 71 हजार 172 महिला मतदाता शामिल है। इन विस चुनावों में लाडवा विधानसभा में 195916 मतदाताओं में से 101244 पुरुष और 94672 महिला मतदाता शामिल है। इसी प्रकार शााहबाद विस क्षेत्र में 171070 मतदाताओं में 89313 पुरुष और 81757 महिला, थानेसर विधानसभा क्षेत्र में 216937 मतदाताओं में 112102 पुरुष व 104835 महिला तथा पिहोवा विधानसभा में 186433 मतदाताओं में 96525 पुरुष व 89908 महिला मतदाता शामिल है।
लाडवा विधानसभा में सबसे ज्यादा बने 217 पोलिंग बूथ
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि कुरुक्षेत्र की चारों विधानसभाओं में मतदाताओं की संख्या के अनुसार नियमानुसार कुल 810 पोलिंग स्टेशन बनाए गए है, जिसमें 609 ग्रामीण क्षेत्र और 201 ग्रामीण क्षेत्र में बनाए गए है। इन चुनावों में लाडवा विधानसभा क्षेत्र में 217 पोलिंग स्टेशन में 197 ग्रामीण व 20 शहरी क्षेत्र, शाहबाद विधानसभा क्षेत्र में 185 बूथों में 151 ग्रामीण व 34 शहरों में, थानेसर विधानसभा में 204 बूथों में 111 शहरी क्षेत्र और 93 ग्रामीण क्षेत्र तथा पिहोवा विधानसभा क्षेत्र में 204 पोलिंग स्टेशन में से 168 ग्रामीण क्षेत्र व 36 शहरी क्षेत्र में बनाए गए है।
कुरुक्षेत्र जिले में 2244 सर्विस मतदाता
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले में कुल 2244 सर्विस वोटर है। इसमें लाडवा विधानसभा में 698, शाहबाद विधानसभा में 568, थानेसर विधानसभा में 444 और पिहोवा विधानसभा में 534 सर्विस वोटर शामिल है। इस बार सर्विस वोटर्स को ऑनलाईन प्रणाली से डिजिटल फॉर्मेट में वोट डालने का फार्म मिलेंगा। इस फार्म को सर्विस वोटर डाउनलोड करके और हस्ताक्षर करके संबंधित विधानसभा क्षेत्र के रिटर्निंग अधिकारी के पास बाई पोस्ट भेजेगा। इस बार पोस्ट आफिस में विशेष तौर पर पोस्ट बॉक्स नंबर लिया जाएगा।
85 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग और पीडब्ल्यूडी मतदाताओं के लिए भी होगी विशेष सुविधा
उपायुक्त ने कहा कि 85 वर्ष से ज्यादा आयु वर्ग और पीडब्ल्यूडी मतदाताओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग की हिदायतों के अनुसार घर बैठे वोट डालने की सुविधा दी जाएगी। इसके लिए नोटिफिकेशन होने के 5 दिन के अंदर इन मतदाताओं को आवेदन करना होगा और फॉर्म 12डी भरकर देना होगा।
100 फीसदी बूथों की होगी वेबकास्टिंग
उपायुक्त सुशील सारवान ने कहा कि कुरुक्षेत्र जिले के सभी 810 बूथों की वेबकास्टिंग होगी। इस वेब कास्टिंग के जरिए बूथों पर पल-पल की गतिविधि पर नजर रखी जाएगी और इसका कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा।
