दिल्ली में आग से संबंधित मौत के मामलों में 2024 की तुलना में 67.57 प्रतिशत की कमी आई
Fire-related deaths in Delhi reduced by 67.57 per cent compared to 2024

नई दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में आग लगने की घटनाओं में मौत होने के मामलों में 2025 के शुरुआती तीन महीनों में 2024 की इसी अवधि की तुलना में 67.57 फीसदी गिरावट आई है।आंकड़ों के मुताबिक, एक जनवरी से 11 मार्च तक आग लगने की घटनाओं में कुल 12 लोगों की जान गई, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 37 लोगों की मौत हुई थी।मृतक संख्या में गिरावट के बावजूद, दुखद घटनाएं सामने आती रही हैं। मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार में एजीसीआर एन्क्लेव के पास एक अस्थायी तंबू में भीषण आग लगने से दो भाइयों समेत तीन लोगों की जलने से मौत हो गई।आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2024 में दिल्ली अग्निशमन सेवा को आग से संबंधित 1,204 कॉल आई, जिनमें 15 मौत हुईं। पिछल साल फरवरी में 992 कॉल आईं और इन घटनाओं में 16 लोगों की जान चली गई तथा 11 मार्च तक आग लगने की घटनाओं में छह लोगों की मौत हुई।हालांकि, इस वर्ष आग की घटनाओं और हताहतों की संख्या में उल्लेखनीय गिरावट देखी गई है।दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “इस साल 11 मार्च तक आग से जुड़े फोन कॉल आने और ऐसी घटनाओं लोगों की मौत के आंकड़े में भारी गिरावट आई है। जनवरी में हमारे विभाग को 938 कॉल आईं, और इन घटनाओं में छह लोगों की जान चली गई। फरवरी में 1076 कॉल आईं और आग लगने की घटनाओं में दो लोगों की मृत्यु हुई। 11 मार्च तक, हमें 455 कॉल आईं और इन घटनाओं में चार लोगों की मौत हुई।”आंकड़ों के अनुसार, 2024 में विभिन्न आग संबंधी घटनाओं में कुल 116 लोगों की जान गई।
