गांधीजी का सत्य-अहिंसा का रास्ता ही कांग्रेस का रास्ता है: प्रियंका

Gandhiji's path of truth and non-violence is the path of Congress: Priyanka

 

नई दिल्ली, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा है कि कांग्रेस राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के बताए अहिंसा और समानता के रास्ते पर आगे बढ़ रही है और जो रास्ता गांधी जी ने दिखाया था, वही कांग्रेस का रास्ता है। श्रीमती वाड्रा ने मंगलवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा, “महात्मा गांधी जी सिर्फ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के ही नहीं, वे समूचे भारत के मार्गदर्शक हैं, जिन्होंने दुनिया को सत्य, अहिंसा और सत्याग्रह के महान मूल्यों से परिचित कराया। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान, आज से सौ साल पहले गांधी जी कांग्रेस के अध्यक्ष बने और स्वतंत्रता आंदोलन को हर एक भारतीय का आंदोलन बना दिया था। उनके मूल्यों ने हर एक भारतीय को ऐसे अनूठे साहस से भर दिया, जो अंग्रेज सरकार को उखाड़ फेंकने का प्रेरक तत्व बना।”

उन्होंने कहा, “कांग्रेस का रास्ता गांधी जी का रास्ता है जो हिंसा, नफरत और विभाजनकारी विचारों के खिलाफ मानवता के सर्वोच्च मूल्यों को सबसे ऊपर रखता है। आज कांग्रेस अध्यक्ष श्री खरगे जी ने बेलगावी में महात्मा गांधी जी की प्रतिमा का अनावरण करके पूरे देश को यह संदेश दिया है कि हम गांधी जी के साथ-साथ स्वतंत्रता आंदोलन के मूल्यों को याद रखें और उन पर अमल करें।”

गौरतलब है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को कर्नाटक के बेलगावी में महात्मा गांधी की प्रतिमा का अनावरण किया, जिसमें श्रीमती वाड्रा के अलावा कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्दारमैया, उपमुख्यमंत्री डी के शिवकुमार समेत पार्टी के कई प्रमुख नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। इसी बेलगावी (तत्कालीन बेलगाम) में 100 साल पहले महात्मा गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के अध्यक्ष बने थे।

 

You might also like