‘लाल आंख की बजाय लाल सलाम’ की चीन नीति अपना रही है सरकार : खरगे

Government is adopting China's policy of 'Red Salute instead of Red Eye': Kharge

 

नई दिल्ली, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा है कि लाल आंख दिखाने की बात करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अरुणाचल प्रदेश की सीमा पर बढ़ रही चीनी गतिविधियों को लेकर चुप्पी साधे हैं और ‘लाल आंख की बजाय लाल सलाम’ की नीति अपनाई जा रही है।श्री खरगे ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए ट्वीट करके कहा, “नरेन्द्र मोदी जी, आप चीन को ‘लाल आंख’ दिखाने के बजाय ‘लाल सलाम’ की नीति अपना रहें हैं। भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा,भौगोलिक संप्रभुता एवं अखंडता सर्वोपरि है लेकिन मोदी सरकार इसे ख़तरे में डाल रही है। हमारा आरोप बड़ी ज़िम्मेदारी के साथ और तथ्यों के आधार पर है।”

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया,”चीन ने अरुणाचल के बॉर्डर पर 90 नए गाँव बसाने शुरू कर दिए हैं, पहले हमारी सीमा पर 628 ऐसे गाँव चीन बसा चुका है, ऐसा समाचार पत्रों का कहना है। मोदी सरकार सीमा पर ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ का ख़ूब प्रचार करती है, संसद में आपने ख़ूब बढ़ा-चढ़ाकर इसका बखान किया है। लेकिन सच्चाई यह है कि पिछले दो वर्षों में ‘वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम’ का 90 प्रतिशत फंड खर्च नहीं हुआ है। ये योजना फ़रवरी 2023 में लॉन्च की गई थी और 4800 करोड़ रुपए आवंटित फंड में से केवल 509 करोड़ रुपए ही ख़र्च हुए हैं। हिमाचल प्रदेश में जहाँ 75 गांव सुधारने हैं, वहाँ केंद्र की मोदी सरकार ने ना के बराबर राशि दी है।”

उन्होंने कहा,”दिसंबर 2024 में, चीन ने ब्रह्मपुत्र नदी पर ‘दुनिया का सबसे बड़ा बाँध’ बनाने की घोषणा की, जो हमारी राष्ट्रीय सुरक्षा, पर्यावरण और उत्तर-पूर्वी राज्यों के लिए विनाशकारी साबित हो सकता है। ब्रह्मपुत्र नदी, भारत के मीठे पानी के संसाधनों का 30 प्रतिशत हिस्सा है, जिससे इसका प्रवाह, भारत के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 2022 में राज्यसभा में विदेश मंत्रालय के एक जवाब के अनुसार, आपकी सरकार ने कहा कि ‘मार्च 2021 में, चीन ने अपनी 14वीं पंचवर्षीय योजना को अपनाया, जिसमें ब्रह्मपुत्र नदी के निचले इलाकों में जल विद्युत परियोजना का उल्लेख है।’ इसका मतलब है कि मोदी सरकार को 2021 से ही इस मामले की जानकारी थी फिर भी, आपकी सरकार बिल्कुल चुप रही। बात स्पष्ट है…मोदी जी, आपकी सरकार की प्राथमिकता पीआर स्टंट और स्वयं के झूठे विज्ञापन हैं, भारत की राष्ट्रीय सुरक्षा नहीं।”

 

 

You might also like