संत महापुरुषों ने सदैव समाज को सही दिशा देने और सामाजिक समरसता का संदेश देने का कार्य किया है : मुख्यमंत्री
Great saints have always worked to give the right direction to the society and give the message of social harmony: Chief Minister

नई दिल्ली, 13 अक्तूबर। संत महापुरुषों ने अपने विचारों, शिक्षाओं और आदर्शों के माध्यम से सदैव समाज को सही दिशा देने तथा आपसी भाईचारे, सद्भाव और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का कार्य किया है। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। यह बात मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने नामदेव सभा के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान कही।
18 अक्तूबर को चंडीगढ़ के सेक्टर-21 स्थित नामदेव भवन में आयोजित होने वाले गुरु संत नामदेव प्रकाश दिवस जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण देने के लिए नामदेव सभा के प्रतिनिधिमंडल ने संत कबीर कुटीर, चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। इस दौरान सभा के पूर्व चेयरमैन एवं सभा के हरियाणा अध्यक्ष श्री सतबीर वर्मा, सचिव श्री नरेश मरजारा, चरणजीत सिंह, कैबिनेट मंत्री श्री रणबीर गंगवा के बेटे एवं बीजेपी नेता श्री संजीव गंगवा, श्री मांगीलाल सहित सभा के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को समारोह की तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा दिया और आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी साझा की। सभा के अध्यक्ष श्री सतबीर वर्मा ने बताया कि गुरु संत नामदेव प्रकाश दिवस जयंती समारोह को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। समारोह में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए सभा के सदस्य लगातार संपर्क कर रहे हैं। इसी कड़ी में पंजाब के अलग-अलग जिलों में जाकर भी लोगों को समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। श्री वर्मा ने कहा कि समारोह का उद्देश्य संत गुरु नामदेव जी की शिक्षाओं और उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा समाज में भाईचारे, सद्भाव और एकता की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने मुख्यमंत्री को समारोह में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए आयोजन की तैयारियों से अवगत कराया।
