झारखंड के मुख्यमंत्री सोरेन ने की खरगे और राहुल से मुलाकात, विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर की चर्चा
Jharkhand Chief Minister Soren met Kharge and Rahul, discussed preparations for the assembly elections
नई दिल्ली, झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को यहां कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की और आगामी विधानसभा चुनावों पर चर्चा की।यह बैठक झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल होने के कुछ दिनों बाद हुई है। चंपई सोरेन ने झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की वर्तमान कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए और पार्टी में अपने ‘अपमान’ का हवाला देते हुए पिछले दिनों इस्तीफा दे दिया था।हेमंत सोरेन ने यहां कांग्रेस अध्यक्ष के आवास पर खरगे और गांधी से मुलाकात की। कांग्रेस महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल और सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन भी बैठक के दौरान मौजूद थीं।सोरेन ने इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट करार दिया लेकिन समझा जाता है कि उन्होंने इस साल के अंत में होने वाले राज्य विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा की।हेमंत सोरेन के इस्तीफे और बाद में धन शोधन के एक मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा गिरफ्तारी के बाद 2 फरवरी को चंपई सोरेन को मुख्यमंत्री नियुक्त किया गया था। जमानत मिलने से हेमंत सोरेन का फिर से मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया था। इसके चलते चंपई सोरेन को 3 जुलाई को अपना पद छोड़ना पड़ा था। कांग्रेस और झामुमो राज्य में गठबंधन सरकार का हिस्सा हैं।
