केजरीवाल ने आरएसएस प्रमुख भागवत को पत्र लिख पूछे सवाल

Kejriwal wrote a letter to RSS chief Bhagwat and asked questions

 

नई दिल्ली, आम आदमी पार्टी (आप) के अध्यक्ष अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत को बुधवार को पत्र लिखकर पांच सवालों के जवाब मांगे हैं। उन्होंने केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रिटायरमेंट तक के मुद्दों पर सवाल किए हैं। केजरीवाल ने चिंता जाहिर करते हुए कहा कि भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार देश और उसकी राजनीति को जिस दिशा में ले जा रही है वह भारत के लिए हानिकारक है। उन्होंने मोहन भागवत को लिखे एक पत्र में कहा, अगर ऐसे ही चलता रहा तो हमारा देश और लोकतंत्र खत्म हो जाएगा। केजरीवाल ने कहा कि उन्होंने यह पत्र आम नागरिक की हैसियत से लिखा है, न कि एक राजनीतिक पार्टी के नेता के तौर पर। केजरीवाल ने भागवत से यही पांच सवाल 22 सितंबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर जनसभा के दौरान भी पूछे थे। उन्होंने भागवत को लिखे पत्र में कहा कि हर भारतीय के मन में यह सवाल हैं और मुझे उम्मीद है कि आप इन पर विचार करेंगे और जवाब देंगे।

 

ये पांच सवाल पूछे

 

  1. देशभर में नेताओं को लालच या फिर ईडी-सीबीआई की धमकी देकर दूसरी पार्टियों से तोड़ा जा रहा है और सरकारें गिराई जा रही हैं। क्या इस तरीके से चुनी हुई सरकारों को गिराना सही है? क्या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) को यह मंजूर है।

 

  1. कुछ नेताओं को खुद प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह ने भ्रष्टाचारी कहा, लेकिन कुछ दिन बाद उन्हें भाजपा में शामिल कर लिया गया। क्या आरएसएस ने ऐसी भाजपा की कल्पना की थी? क्या आपको यह सब देखकर कष्ट नहीं होता?

 

  1. आरएसएस की जिम्मेदारी है कि यदि भाजपा गलत राह पर जाए, तो उसे सही राह पर लाया जाए। क्या आपने कभी प्रधानमंत्री मोदी को गलत कामों से रोकने की कोशिश की है?

 

  1. जेपी नड्डा ने लोकसभा चुनाव के दौरान कहा कि अब भाजपा को आरएसएस की जरूरत नहीं है। इस बयान से आरएसएस कार्यकर्ता आहत हुए थे। आप इस पर क्या सोचते हैं?

 

  1. 75 साल की उम्र के बाद भाजपा नेताओं को रिटायर करने का कानून बना था, जिसके तहत लाल कृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी जैसे नेताओं को रिटायर किया गया। क्या अब इस कानून का पालन हो रहा है, और क्या यह प्रधानमंत्री मोदी पर भी लागू होना चाहिए?

 

 

 

You might also like