मुरादाबाद पुलिस और एटीएस की टीम ने हिजबुल आतंकी उल्फत को किया गिरफ्तार (अपडेट)

Moradabad Police and ATS team arrested Hizbul terrorist Ulfat (Update)

 

मुरादाबाद/नई दिल्ली, उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद की पुलिस तथा आतंकवाद निरोधी दस्ता (एटीएस) की संयुक्त टीम ने 18 साल से फरार 25 हज़ार रुपये के इनामी हिजबुल्ल आंतकी उल्फत हुसैन उर्फ मोहम्मद सैफ उल इस्लाम उर्फ अफजल उर्फ हुसैन मलिक को सुरनकोट जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार कर लिया है।उस पर मुरादाबाद तथा जम्मू-कश्मीर में कई मुकदमें दर्ज हैं।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने हिजबुल आंतकी उल्फत हुसैन की गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए शनिवार को बताया कि मुरादाबाद की थाना कटघर पुलिस तथा एटीएस द्वारा गिरफ्तार आतंकवादी उल्फत हुसैन पर 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित था। उल्फत हुसैन पुत्र हाजी अताउल्लाह खान, ग्राम फजलाबाद,सूरनकोट जिला पुंछ सेक्टर जम्मू-कश्मीर का मूल निवासी हैं। पाकिस्तान अधिकृत पीओके से ट्रेनिंग लेकर वह पिछले काफी समय से देशविरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहा है।उस पर मुरादाबाद तथा जम्मू-कश्मीर में कई मुकदमें दर्ज हैं।

उन्होंने बताया कि शस्त्र अधिनियम,पोटा व सीएल एक्ट में वांछित आतंकवादी उल्फत हुसैन को अदालत द्वारा 07 जनवरी 2015 को फरार घोषित कर स्थाई गैर-जमानती वारंट जारी किया था। उसके बाद अदालत द्वारा 05 मार्च 2025 को स्थाई वारंट जारी किया गया। मुरादाबाद पुलिस द्वारा 25 हज़ार रुपये का इनाम घोषित किया गया है। बताया कि वर्ष 1999-2000 में पाक अधिकृत कश्मीर से आतंकवाद की ट्रेनिंग लेकर किसी बड़ी घटना को अंज़ाम देने के इरादे से उल्फत हुसैन वर्ष 2001 में मुरादाबाद (उत्तर प्रदेश) आया था।

09 जुलाई 2001 को मुरादाबाद पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर उसके पास से एक एके -47, एक एके- 56 समेत दो पिस्टल 30 बोर 12 हैंड ग्रेनेड, 39 टाइमर,50 डेटोनेटर तथा 37 बैटरी, 580 जिंदा कारतूस, आठ मैगजीन तथा 29 किलोग्राम विस्फोटक बरामद किया गया था। वर्ष 2007 में अदालत से जमानत पर रिहा होने के बाद से वह फरार चल रहा था। इस दौरान वर्ष 2015 में उसके खिलाफ मुरादाबाद के अपर मुख्य न्यायाधीश मजिस्ट्रेट 14 द्वारा वारंट जारी किया गया था।

पुलिस क्षेत्राधिकारी कटघर आशिष प्रताप सिंह ने बताया है कि हिजबुल आतंकी की गिरफ्तारी आपरेशन में एटीएस प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार उज्जवल, थाना कटघर में तैनात उपनिरीक्षक विमल किशोर और सहारनपुर एटीएस फील्ड यूनिट की संयुक्त टीम द्वारा सुरक्षा एजेंसियों से मिले फीडबैक के आधार पर आतंकवादी उल्फत हुसैन को सुरनकोट जिला पुंछ जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया गया है।उसे अदालत में पेश कर जेल भेजा जाएगा।

 

 

You might also like