गणतंत्र दिवस देशवासियों को आगे बढऩे के लिए प्रदान करता है साहस और प्रेरणा: कोमल सैनी

Republic Day provides courage and inspiration to the countrymen to move forward: Komal Saini


लाडवा 26 जनवरी- पानीपत की मेयर कोमल सैनी ने कहा कि गणतंत्र दिवस का यह ऐतिहासिक दिन देशवासियों को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढऩे के लिए साहस और प्रेरणा देता है। इस दिन हमें उन सभी महापुरुषों को भी याद करना चाहिए, जिन्होंने भारत को स्वतंत्रता दिलवाने और भारतीय संविधान को लागू करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इनकी बदौलत ही भारत आज एक गणराज्य कहलाता है।
पानीपत की मेयर कोमल सैनी सोमवार को लाडवा अनाज मंडी के प्रांगण में उपमंडल स्तर पर आयोजित 77वें गणतंत्र दिवस समारोह में उपमंडल वासियों को संबोधित कर रही थी। इससे दौरान मेयर कोमल सैनी ने गणतंत्र दिवस के उपमंडल स्तरीय समारोह में राष्ट्रीय ध्वजारोहण किया और परेड का निरीक्षण करने उपरांत परेड की सलामी ली। इससे पहले मेयर कोमल सैनी ने शहीद स्मारक पर जाकर शहीदों को पुष्प चक्र अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। इसका श्रेय हमारे उन राजनेताओं, कर्मठ किसान-मजदूरों, कारीगरों तथा वैज्ञानिकों को जाता है, जिन्होंने दिन-रात एक करके इस देश को विकास की गति प्रदान की। आज खेल जगत में हरियाणा का बड़ा नाम है। हमारे युवा बड़ी उपलब्धियां प्राप्त कर देश-प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। मैडल जीतने वाले खिलाडिय़ों को नकद पुरस्कार देने के साथ-साथ सरकारी नौकरियां दी गई हैं। ओलम्पिक व पैरा-ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण विजेता को 6 करोड़ रुपए, रजत विजेता को 4 करोड़ रुपए तथा कस्य पदक विजेता को 2.50 करोड़ रुपए के नकद पुरस्कार तथा प्रतिभागी खिलाड़ी को 15 लाख रुपए दिए जा रहे है। अवार्ड पाने वाले खिलाडियों को मासिक मानदेय भी दिया जाता है।
मेयर कोमल सैनी ने गणतंत्र दिवस पर सभी उपमंडल वासियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार ने हर माह 3200 रुपए वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, विधवा पैंशन, दिव्यांग पैंशन प्रदान करने का निर्णय लिया है। गिरते लिंगानुपात को रोकने के लिए बेटी बचाओ-बेटी पढाओ कार्यक्रम चलाया गया जिसके सार्थक परिणाम आने लगे है। प्रदेश में वर्ष 2014 में लिंगानुपात 871 था जो बढकर वर्ष 2025 में 923 हो गया है। महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर जिले में वन स्टॉप सेंटर सखी संचालित किए जा रहे है। इसके तहत अब तक 55 हजार 984 महिलाओं को लाभान्वित किया गया है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 1.14 लाख से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। अब तक 2873 रोजगार मेलों का आयोजन कर एक लाख 15 हजार से अधिक युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलवाया गया। वर्तमान में लगभग 400 सरकारी सेवाओं, योजनाओं तथा सबसिडी को परिवार पहचान पत्र से जोडक़र लगभग 60 लाख परिवारों को लाभ दिया गया है।
उन्होंने कहा कि किडनी रोग से पीडि़त रोगियों को सभी सरकारी अस्पतालों एवं मेडिकल कालेजों में निशुल्क डायलिसिस की सुविधाएं मुहैया करवाई जा रही हैं। आयुष्मान भारत चिरायु योजना के तहत 70 साल से अधिक बुजुर्गो को 5 लाख रुपए तक का स्वास्थ्य लाभ दिया जा रहा है। गरीब परिवारों के लिए आवागमन की सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए हैप्पी कार्ड योजना शुरू की है जिसके तहत हरियाणा रोडवेज की बसों में एक हजार किलोमीटर तक की सालाना यात्रा निशुल्क प्रदान की जा रही है। देश की आजादी से लेकर लम्बे समय तक गरीब कल्याण की बातें तो की जाती रही, लेकिन उनका लाभ पात्र व्यक्ति तक नहीं पहुंच पाया। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन के अनुरूप प्रदेश के सभी परिवारों का पहचान पत्र बनाया गया, जिससे पात्र परिवारों को घर बैठे ही सरकारी योजनाओं का लाभ देना सुनिश्चित किया गया है।
मेयर ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं की योग्यता का सम्मान किया है तथा 1 लाख 80 हजार से अधिक युवाओं को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां प्रदान की हैं। आउटसोर्सिंग सेवाओं में युवाओं को ठेकेदारों के शोषण से बचाने के लिए हरियाणा कौशल रोजगार निगम का गठन किया है। युवाओं को 21वीं सदी की आधुनिक शिक्षा देने के लिए नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति लागू की गई है। युवाओं को स्किल से जोडऩे के लिए देश का पहला विश्वकर्मा विश्वविद्यालय पलवल के दुधौला में खोला गया है। राज्य सरकार ने गावों के विकास में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया है। स्वामित्व योजना के तहत प्रदेश को लाल डोरा मुक्त बनाना व महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए एक तिहाई राशन डिपो महिलाओं को देने का प्रावधान किया है। अटल किसान मजदूर कैंटीन व वीटा बिक्री केंद्रों का संचालन भी महिलाओं को सौंपा गया है। हर घर-हर गृहणी योजना के तहत गरीब महिलाओं को 500 रुपए में सिलेंडर उपलब्ध करवाए जा रहे है।
उपमंडल अधिकारी अनुभव मेहता ने उपमंडल वासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस कार्यक्रम में पुलिस के जवानों ने शानदार परेड और मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान कोणार्क अकेडमी द्वारा देशभक्ति नृत्य, यूनिक शिक्षा निकेतन द्वारा हरियाणवी नृत्य, हिन्दू हाई स्कूल द्वारा राजस्थानी नृत्य, संजय गांधी स्कूल लाडवा द्वारा रानी लक्ष्मीबाई पर कोरियाग्राफी, राजकीय कन्या वरिष्ठï माध्यमिक स्कूल बरोट द्वारा पंजाबी गिद्दा, पीएमश्री स्कूल लाडवा द्वारा हरियाणवी नृत्य, गुरुकुल लाडवा द्वारा भांगड़ा आदि भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर सबका मन मोह लिया। इसके साथ-साथ यूनिक शिक्षा निकेतन का बैंड, सुगनी देवी स्कूल का मास पीटी शो, हरियाणा योग आयोग का योग, गुरुकुल लाडवा का मलखंब भी आकर्षण का केंद्र रहे। इस दौरान उल्लेखनीय कार्य करने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस मौके पर डीएसपी रणधीर, तहसीलदार बलकार, नगर पालिका लाडवा की अध्यक्षा साक्षी खुराना, खंड शिक्षा अधिकारी नीलम सैनी, मार्केट कमेटी के अध्यक्ष डॉक्टर गणेश दत्त, मार्केट कमेटी के वाइस चेयरमैन सुरेंद्र सिंगला, उपमंडल अध्यक्ष शिव गुप्ता, महिला मोर्चा की महामंत्री मोनिका बंसल, मंडल अध्यक्ष पूनम व नरेंद्र सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।

You might also like