संजय सेठ ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया

Sanjay Seth inspected the preparations for Independence Day celebrations

नई दिल्ली,रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने मंगलवार को लाल किले पर स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का निरीक्षण किया। श्री सेठ ने ड्यूटी पर तैनात एनसीसी कैडेटों, एनएसएस स्वयंसेवकों, संबंधित अधिकारियों और कर्मियों के प्रयासों की सराहना की।उन्होंने एनसीसी कैडेटों और एनएसएस स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा, “देश के लिए प्राणों की आहुति देने वाले योद्धा हमेशा हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेंगे।” श्री सेठ ने एनसीसी कैडेटों को भविष्य का सैनिक बताया जो देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के लिए एक मजबूत स्तंभ होंगे। उन्होंने कहा, “आप समाज सेवा और सामुदायिक विकास की कई पहल करके परिवर्तन के गुणक के रूप में कार्य करते हैं। आपने कई राष्ट्रीय मिशनों जैसे राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए काम किया है और इन्हें अपने समर्पण और कड़ी मेहनत से सफल बनाया है। अब भी आप स्वतंत्रता दिवस समारोह को सफल बनाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं”।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के “आत्मनिर्भर भारत” और “विकसित भारत” के दृष्टिकोण को साकार करने में एनसीसी कैडेटों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। श्री सेठ ने एनसीसी कैडेटों के उत्साह और मनोबल की सराहना की और उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

You might also like