करोड़ों रुपए की लागत से निर्माणाधीन सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल का सुपर स्ट्रक्चर धराशायी
The super structure of Sultanganj-Aguwani Ghat Ganga bridge, which was under construction at a cost of crores of rupees, collapsed

भागलपुर,बिहार के भागलपुर जिले में आज सुबह करोड़ों रुपए की लागत से निर्माणाधीन सुल्तानगंज-अगुवानी घाट गंगा पुल का सुपर स्ट्रक्चर अचानक धराशायी हो गया।आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि निर्माणाधीन सुल्तानगंज -अगुवानी घाट गंगा पुल के पाया संख्या नौ और 10 के बीच का सुपर स्ट्रक्चर (सपोर्ट सिस्टम) एक जोरदार आवाज के साथ शनिवार सुबह गिर गया और गंगा में समा गया। इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। इस पुल का निर्माण एसपी सिंगला कंपनी कर रही है।सूत्रों ने बताया कि इस हादसे के बाद पुल के निमार्ण कार्य को रोक दिया गया है। कंपनी, राज्य पुल निर्माण निगम के अधिकारी और जिला प्रशासन के लोग मौके पर पहुंच गए हैं।गौरतलब है कि 1710.77 करोड़ रुपए की लागत वाले इस गंगा पुल का निर्माण कार्य 2015 से चल रहा है। वर्ष 2014 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के द्वारा इसका शिलान्यास किया गया था। इससे पूर्व वर्ष 2022 में पुल का पाया संख्या पांच और वर्ष 2023 में पाया संख्या नौ,10,11,12 का सुपर स्ट्रक्चर धराशायी हो गया था। इसके बाद इस पुल के चालू होने की अवधि बढ़ती जा रही है। वर्ष 2026 में पुल को चालू करने का समय निर्धारित किया गया है, लेकिन इस हादसे के बाद इसमें भी संशय उत्पन्न हो गया है।
