पुलिसकर्मी बनकर लूटपाट करने वाले दो दोस्त गिरफ्तार

Two friends arrested for robbing people by posing as policemen

 

नई दिल्ली, छावला थाना पुलिस ने 23 सितंबर को पुलिसकर्मी बनकर लोगों के साथ लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों दीपक यादव और सुमित के पास से पुलिस ने दो मोबाइल और एक गाड़ी बरामद की है। पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 19 सितंबर को नजफगढ़ में रहने वाले संदीप सुहाग ने पुलिस को शिकायत दी। पीड़ित ने बताया कि वह शाम करीब 4.30 बजे गोयला चौक के पास यूईआर-II पर घूमने के लिए गए थे। इसी दौरान एक गाड़ी उनके पास आकर रुकी और उसमें बैठे लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर पीड़ित को जबरन गाड़ी में बैठा लिया। आरोपियों ने उसे गिरफ्तार करने की बात कही और छोड़ने की एवज में उससे अपने अकाउंट में पांच हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके बाद आरोपी कुछ दूरी पर पीड़ित को छोड़ कर फरार हो गए। छावला थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश शर्मा की टीम ने सीसीटीवी फुटेज, अकाउंट की जानकारी और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपियों की जानकारी जुटाई। आरोपियों के खाते से पुलिस ने उनका मोबाइल नंबर प्राप्त किया और फिर उसकी सीडीआर निकलवाई। इसके बाद दोनों आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

You might also like