116 किलो गांजे के साथ दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्कर गिरफ्तार
Two interstate drug smugglers arrested with 116 kg ganja
नई दिल्ली, दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दो अंतरराज्यीय ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से 116 किलो गांजा बरामद हुआ है। आरोपी उड़ीसा और आंध्र प्रदेश के सीमावर्ती इलाकों से गांजा लेते थे और देश के विभिन्न हिस्सों में भेजते थे। आरोपियों में बिहार निवासी नितेश और रोहित शामिल हैं। पुलिस इनसे पूछताछ कर तस्करी के पूरे नेटवर्क को खंगाल रही है। गांजे की कीमत 58 लाख रुपये बताई जा रही है। क्राइम ब्रांच ने बताया कि गांजा की तस्करी में एक अंतरराज्यीय गिरोह संचालित होने की जानकारी मिली थी। पता चला कि यह गिरोह कूरियर के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा की दिल्ली में सप्लाई कर रहा है। इसी दौरान पता चला कि मीरा बाग के पास यह गिरोह गांजा के पार्सल की डिलीवरी करने वाला है। यहां दो तस्कर इसे लेकर जाएंगे। इसके बाद पुलिस ने जांच कर पार्सल में रखा करीब 116 किलो गांजा बरामद किया और पार्सल लेकर आने वालों के बारे में जानकारी एकत्र कर उन्हें हरियाणा के यमुना नगर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे पिछले 2-3 साल से हरियाणा के यमुनानगर स्थित प्लाई फैक्टरी में काम कर रहे थे। एक दिन उनकी मुलाकात अविनाश कुमार से हुई। उसने बताया कि कुछ साल पहले वह भी उसकी तरह फैक्टरी में काम करता था, लेकिन बाद वह गांजे की सप्लाई करने लगा और काफी पैसा कमाया। इसके बाद वे भी अविनाश के साथ काम करने लगे। उन्होंने खुलासा किया कि इस नेटवर्क में कई लोग शामिल हैं, जिन्हें अलग-अलग भूमिकाएं सौंपी गई है। पार्सल के जरिए आंध्र प्रदेश से दिल्ली, हरियाणा तक गांजा सप्लाई होती है।